रुड़की। इस बार गर्मी में उपभोक्ताओं को घंटों बिजली कटौती का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए ऊर्जा निगम ने रुड़की शहर और देहात क्षेत्र में गर्मी शुरू होने से पहले ही ट्रांसफार्मरों व बिजलीघरों की क्षमता बढ़ानी शुरू कर दी है।
गर्मी शुरू होते ही एसी, कूलर और अन्य उपकरणों के ज्यादा इस्तेमाल से बिजली की खपत बढ़ जाती है। इससे बिजलीघरों और ट्रांसफार्मरों पर लोड पड़ने लगा है। नतीजतन, बिजली ट्रिपिंग और ट्रांसफार्मरों के ओवरलोड होकर फुंकने की घटनाएं बढ़ने लगती हैं। इसका असर उपभोक्ताओं पर पड़ता है। भीषण गर्मी में लोगों को अक्सर कई-कई घंटे बिना बिजली के रहना पड़ता है। इस समस्या से निपटने के लिए ऊर्जा निगम ने इस बार पहले से ही तैयारी शुरू कर दी। ऊर्जा निगम के अधिकारियों का दावा है कि बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने की तैयारी शुरू हो गई है। शहरी क्षेत्र में बिजलीघर नंबर छह पर रखे ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई गई है। जहां-जहां बिजली के तार जर्जर हैं, उन्हें बदलवाने की कवायद चल रही है। जिन कॉलोनियों में ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने की शिकायत आती है, वहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में एसडीओ और जेई से ऐसे इलाकों को चिह्नित कराया जा रहा है, जहां ओवरलोड की समस्याएं रहती हैं।
--
बिजली चोरी पर रोक लगाएगी टीम
गर्मी बढ़ते ही क्षेत्र में बिजली चोरी की घटनाएं भी बढ़ जाती हैं। लिहाजा इस बार बिजली चोरी पर रोक लगाने के लिए अलग से टीम गठित की जा रही है। इसमें एसडीओ और जेेई के अलावा अन्य अधिकारी भी शामिल होंगे। टीम बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के साथ ही उपभोक्ताओं को बिजली चोरी पकड़वाने के लिए जागरूक करेगी। अधीक्षण अभियंता राहुल जैन ने बताया क्षेत्र में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए ईई और एसडीओ को निर्देशित किया गया है।
--
शहरी क्षेत्र में ओवरलोड की समस्या से निपटने के लिए प्लान तैयार कर लिया गया है। बिजलीघरों पर रखे ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। साथ ही जर्जर बिजली तारों और खंभों को भी बदला जा रहा है। इस बार बिजली कटौती की समस्या पैदा नहीं होने दी जाएगी
-वीके सिंह, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम, शहरी
--
जिन इलाकों में हर साल ओवरलोड होने के चलते ट्रांसफार्मर फुंकने की समस्याएं आती हैं, वहां की जानकारी मांगी गई है। इस्टीमेट बनाकर जल्द ही ट्रांसफार्मरों का लोड बढ़ाया जाएगा। एसडीओ और जेई को भी गर्मियां शुरू होते ही अलर्ट रहने के लिए निर्देशित किया गया है।
-अमित आनंद, अधिशासी अभियंता, रुड़की ग्रामीण