दाबकी खुर्द गांव में बदमाशों ने एक ही रात में दो महिलाओं के कुंडल लूट लिए और सात घरों में चोरी कर डाली। आंख खुलने पर ग्रामीण ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश तो उसके सिर पर डंडे से हमलाकर लहूलुहान कर दिया। शोर मचाने पर बदमाश जंगल की तरफ भाग निकले। ग्रामीणों ने काफी तलाश की लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने शक के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र स्थित दाबकी खुर्द गांव में मंगलवार की रात बदमाशों ने जमकर कहर बरपाया। बदमाशों ने सबसे पहले सचिन उर्फ ललित के घर दूसरी मंजिल पर धावा बोलकर पांच हजार की नकदी चोरी कर ली। इसके बाद बदमाशों ने संजय के घर से छह सौ रुपये, राजकरण और संजय के घर से मोबाइल चोरी कर लिए। गिरिवर सिंह, संदीप और रामपाल के घर से नकदी और लाखों के जेवर चोरी कर लिए।
इसके बाद बदमाशों ने मांगेराम के घर में दूसरी मंजिल पर सो रही उनकी पत्नी और डिंपल की पत्नी सुधा के कानों से कुंडल खींच लिए। इससे दोनों महिलाओं के कान लहूलुहान हो गए और उन्होंने शोर मचा दिया। शोर होने पर वे जाग गए और बदमाश वेदपाल के घर में घुस गए। इस बीच वेदपाल की भी आंख खुल गई। वेदपाल ने बदमाशों को देख पकड़ने की कोशिश की। इस पर बदमाशों ने सिर पर डंडे से हमलाकर धक्का दे दिया। इससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए।
वेदपाल ने शोर मचाया तो आसपास के लोग जागकर घरों से बाहर आ गए। बदमाशों ने खुद घिरता देखा तो वह जंगल में भाग गए। ग्रामीणों ने हाथ में लाठी-डंडे लेकर बदमाशों की जंगल में तलाश की लेकिन पता नहीं चल पाया। ग्रामीणों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बदमाशों की तलाश लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। पीड़ितों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है। शक के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।