नगर में रेलवे ओवरब्रिज पर सड़क में गड्ढों की समस्या के निस्तारण के लिए एनएचएआई ने कवायद शुरू की है। पैचवर्क के बजाय विभाग इस बार यहां गड्ढे वाले हिस्से की स्थायी मरम्मत करा रहा है। बुधवार को कार्य शुरू करा दिया गया।
लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर नगर के मध्य बने रेलवे ओवरब्रिज की सड़क पर गड्ढों की समस्या पुरानी है। विभाग के कई बार मरम्मत कराने के बाद भी कुछ ही दिनों बाद यहां दोबारा सड़क उखड़ना शुरू हो जाती है। आरओबी से दिन-रात में रोजाना हजारों की संख्या में वाहन गुजरते हैं। सड़क पर गड्ढों के कारण यहां किसी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है लेकिन अब एनएचएआई समस्या का स्थायी समाधान करा रहा है।
एनएचएआई के एई प्रणवीर सिंह ने बताया कि पैचवर्क के बार-बार उखड़ जाने से समस्या बनी हुई थी। अब पूरे पैनल को हटाकर यहां बीसी कार्य कराया जा रहा है। जिन पैनल में गड्ढे हैं उन सभी को पूरी तरह से उखाड़कर नए सिरे से कंकरीट डालकर बनाया जाएगा। इससे सड़क के बार - बार उखड़ने की समस्या नहीं रहेगी।