नगर निगम के टैक्स रजिस्टर में ओवर राइटिंग कराने एवं फर्जी तरीके से मकान का बैनामा करने को लेकर शुरू हुई एसआईटी जांच में नया खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि मकान का बैनामा करने से पहले मकान मालकिन का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र भी नगर निगम से बनवाया गया था। इसके बाद नगर निगम ने अब विभिन्न पहलुओं पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कानूगोयान रुड़की निवासी पंकज सिंघल ने बताया कि सोमवार को एसआईटी देहरादून से बिजेंद्र नैथानी ने उन्हें फोन पर जानकारी दी कि उनकी दादी के मकान का बैनामा कराने वाले व्यक्ति से पूछताछ की गई है। साथ ही उक्त व्यक्ति द्वारा मकान मालकिन का रुड़की नगर पालिका से 1971 का मृत्यु प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया है। पंकज सिंघल ने बताया कि उनकी दादी की मृत्यु 1975 में हुई थी। ऐसे में उक्त व्यक्ति की ओर से नगर निगम से उनकी दादी का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कराया गया था। इस बाबत सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने बताया कि इस तरह की मौखिक जानकारी एसआईटी की ओर से प्राप्त हुई है। इस पूरे प्रकरण में नगर निगम एसआईटी जांच को पूरा सहयोग कर रहा है। नगर निगम ने अपने स्तर से भी जांच समिति गठित की है। जो नए तथ्य सामने आए हैं उन पर भी बारीकि से जांच पड़ताल की जाएगी।