दरगाह पीर गैब के पास स्थित एक प्रसाद की दुकान में चोरी की घटना सामने आई है। चोरी की यह वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महमूदपुर निवासी अलीशान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दरगाह पीर गैब के पास उसकी प्रसाद की दुकान है। रविवार रात वह दुकान बंद करके अपने चचेरे भाई की शादी में चला गया था। सोमवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो देखा कि दुकान का गल्ला खुला हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। चोर गल्ले में रखे 5900 रुपये नकद व मन्नत चढ़ाने के लिए रखे गए चांदी के पत्र, रसोली, मोती और चादरें चोरी कर ले गए।
दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो युवक दुकान में घुसते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित दुकानदार ने आरोपियों की पहचान करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरिश और शहादत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।