मारपीट की घटना में घायल एक युवक दो दिनों से पुलिस कार्रवाई के लिए भटक रहा है। पीड़ित का आरोप है कि अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उलटा उसपर सुलह का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने दूसरे पक्ष से जान का खतरा भी जताया है।
मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र का है। आदर्शनगर निवासी समद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दो दिन पहले रात के समय वह पठानपुरा मोहल्ले स्थित एक मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार पांच युवकों ने उसे घेर लिया और बिना किसी कारण लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में उसके सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित का कहना है कि उसने घटना की सूचना पुलिस को दे दी थी लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं दूसरे पक्ष से लगातार खतरा बना हुआ है और उसपर समझौते के लिए दबाव डाला जा रहा है। बुधवार को भी पीड़ित कोतवाली पहुंचा और पुलिस से हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में पुलिस मामले की जांच कर रही है।