सड़क दुघर्टना में घायल प्रहलादपुर निवासी 28 वर्षीय बृजपाल ने उपचार के दौरान देहरादून अस्पताल में दम तोड़ दिया। शव को शाम गांव लाया गया। देर शाम इसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
20 फरवरी को प्रहलादपुर निवासी बृजपाल देर शाम लक्सर से बाइक पर गांव लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के पास पहुंचा अचानक खेतों से निकलकर एक नीलगाय सामने आ गई और बृजपाल की बाइक से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर जा गिरा। दुर्घटना में उसके सिर पर चोटें आई। इसी दौरान लक्सर शुगर मिल से गन्ना तौल कर लौट रहे प्रहलादपुर निवासी किसान नरेश ने बृजपाल को सड़क किनारे पड़ा देखा। उसने प्रहलादपुर शिव मंदिर पर चल रहे कांवड़ियों के लिए लगाए गए भंडारे में शामिल गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने अपने साधन से बृजपाल को लक्सर अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत बिगड़ने पर उसे देहरादून के लिए रेफर कर दिया। उपचार के दौरान बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। बृजपाल की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। शाम को जैसे ही बृजपाल का शव गांव पहुंचा परिजनों में कोहराम मच गया। देर शाम परिजनों और ग्रामीणों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।
तीन बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
सड़क दुघर्टना में घायल बृजपाल की मौत से जहां तीन बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं परिजनों के साथ ग्रामीणों की भी आंखें नम हो गईं। कारण कि गांव के सभी लोगों से बृजपाल का लगाव था। वह छोटा हाथी चलाकर परिवार का पालन पोषण करता था। सोमवार शाम वह अपना काम खत्म करके छोटा हाथी लक्सर खड़ा करके बाइक से गांव लौट रहा था। तभी हादसे का शिकार हो गया।