I
I
I Iलोगों ने एसयूवी सवारों को पीटा, गाड़ी में की तोड़फोड़I
तेज रफ्तार एसयूवी ने बाजार में पहले बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी और फिर एक दुकान में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। वहीं लोगों ने एसयूवी सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। लोगों ने एसयूवी में भी तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने एसयूवी को कब्जे में ले लिया है। अभी तक मामले में तहरीर नहीं दी गई है।
गंगनहर कोतवाली पुलिस के अनुसार घटना तेलीवाला बाजार की है। यहां रविवार दोपहर तेज रफ्तार से दौड़ रही काले रंग की एसयूवी ने सामने से आ रही बाइक पर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार दो युवक उछलकर नाले में जा गिरे। हादसे के बाद एसयूवी सवारों ने गाड़ी और तेज रफ्तार से दौड़ा दी। जिससे अनियंत्रित होकर गाड़ी एक परचून की दुकान में घुस गई।
विज्ञापन
आसपास के लोगों ने कार सवार युवकों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। गुस्साए लोगों ने कार में भी तोड़फोड़ कर दी। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही हादसे की सूचना युवकों के परिजनों को दी। कोतवाली प्रभारी गाेविंद कुमार ने बताया कि दोनों युवक मंगलौर के गांव तांशीपुर के रहने वाले हैं। दोनों की हालत गंभीर बनी है। जबकि कार सवार दोनों युवक पाड़ली गुर्जर तेलीवाला गांव के रहने वाले हैं। दोनों को हिरासत में लिया गया है। मामले में अभी तक तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर केस दर्ज किया जाएगा।
हादसे के बाद गांव के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हो गई। एक पक्ष ने आरोप लगाया कि कार सवार उनके साथी हैं। मौके पर मौजूद पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया। मामले में एक पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।