लक्सर जीआरपी ने एक साधु वेशधारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी चाकू के साथ प्लेटफाॅर्म पर संदिग्ध अवस्था में मौजूद था। पुलिस ने जब पकड़े गए व्यक्ति की कुंडली खंगाली तो अधिकारी हैरान रह गए। आरोपी के खिलाफ जनपद के अलग-अलग थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में 11 मामले दर्ज हैं।
जीआरपी एसपी अरुणा भारती ने बताया कि 13 अक्तूबर की रात को जीआरपी टीम लक्सर में प्लेटफार्म पर गश्त कर रही थी। इस दौरान पानी की टंकी के पास मौजूद एक साधु वेशधारी व्यक्ति की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगी। पुलिसकर्मियों ने उससे पूछताछ की। संदेह होने पर उसकी तलाशी ली तो उसके पास से एक चाकू बरामद हुआ।
पुलिसकर्मी आरोपी को थाने लेकर आए। प्रभारी निरीक्षक राजीव चौहान के निर्देशन में पुलिस टीम ने उसकी जानकारी जुटाई तो आरोपी की पहचान उमंग वर्मा उर्फ सोनू निवासी आवास विकास रुड़की जनपद हरिद्वार हाल निवासी सुभाषनगर रुड़की के तौर पर हुई।
एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ लक्सर कोतवाली में चोरी, और आर्म्स एक्ट की धाराओं में लक्सर कोतवाली में चार, गंगनहर कोतवाली में चार, रुड़की कोतवाली में एक, झबरेड़ा और जीआरपी लक्सर में 1-1 मामले सहित कुल 11 मामले दर्ज हैं। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।