कलियर क्षेत्र से चोरी हुई बाइक के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई बाइक भी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की। बेड़पुर निवासी जावेद ने 7 जुलाई को तहरीर देकर बताया था कि उसकी बाइक सोहलपुर रोड स्थित खेत के पास से चोरी हो गई है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर धनौरी स्थित एनआईसी कॉलेज और तिरछा पुल के बीच बावन दर्रा लिंक मार्ग से दो युवकों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पांच जुलाई की शाम सोहलपुर रोड किनारे खेत से बाइक चोरी की थी। वे उसे बेचने के लिए सलेमपुर की ओर जा रहे थे। आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और खर्च चलाने के लिए बाइक चोरी करते थे। गिरफ्तार आरोपी संदीप कुमार और विशाल कुमार निवासी ग्राम सोहलपुर, थाना पिरान कलियर को न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।