अजमेर शरीफ में हजरत ख्वाजा गरीब नवाज का सालाना उर्स चल रहा है। उर्स में शामिल होने के लिए जाने वाले जायरीनों ने जुमेरात के मौके पर पिरान कलियर पहुंचकर दरगाह साबिर पाक सहित इमाम साहब, किलकिली साहब, पीर गैब अली साहब और अब्दाल साहब की दरगाहों पर जियारत की। इस दौरान कलियर दरगाह क्षेत्र में जायरीनों की भारी भीड़ देखने को मिली।
अजमेर शरीफ उर्स में शामिल होने से पहले बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह साबिर पाक में हाजिरी लगाते हैं। जियारत के बाद जायरीन अजमेर शरीफ के लिए रवाना होते हैं। बृहस्पतिवार को दिल्ली, बिहार, बरेली, पंजाब, रामपुर, मुरादाबाद, आगरा, नजीबाबाद, सहारनपुर, मेरठ और मुजफ्फरनगर समेत कई शहरों से जायरीन पिरान कलियर पहुंचे।
जायरीनों ने दरगाह साबिर पाक में चादर और फूल पेश कर मन्नत मांगी। भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क रहा। थाना प्रभारी पिरान कलियर रविंद्र कुमार ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दरगाह परिसर, पीपल चौक सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। साथ ही गंगनहर घाट पर किसी भी संभावित घटना से निपटने के लिए गोताखोरों की भी तैनाती की गई थी।