म्यूजिक सीखने गई एक युवती संदिग्ध हालात में लापता हो गई है। युवती के परिजन और रिश्तेदार गंगनहर कोतवाली पहुंचे और उन्होंने पुलिस से युवती को बरामद करने की मांग की है। परिजनों ने युवती के अपहरण की आशंका जताई है।
चावमंडी निवासी एक युवती मंगलवार को अपनी रिश्ते की छोटी बहन के साथ सिविल लाइंस स्थित एक म्यूजिक सेंटर पर म्यूजिक सीखने गई थी। इसी दौरान वह अपनी छोटी बहन को म्यूजिक सेंटर पर बैठाकर थोड़ी देर में आने की बात कहकर वहां से चली गई, लेकिन वह वापस नही आई। छोटी बहन ने परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने युवती की सभी संभावित स्थानों पर तलाश की। उसका कुछ पता नहीं चल पाया। मामले की जानकारी गंगनहर कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने युवती को तलाश किया। लेकिन वह नहीं मिल पाई। बुधवार को युवती के परिजन और रिश्तेदार आदि बड़ी संख्या में गंगनहर कोतवाली पहुंचे और युवती को बरामद करने की मांग की। कोतवाली के एसएसआई देवराज शर्मा ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही युवती को बरामद कर लिया जाएगा।