रुड़की। जीआरपी को हावड़ा ट्रेन से महिला का पर्स चोरी करने वाले चोर को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। जीआरपी ने चोर से महिला का बैग और उसमें रखा सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया है।
रुड़की आईआईटी में रिसर्च स्कॉलर प्रियंका कुमारी 13 जुलाई को रुड़की रेलवे स्टेशन से हावड़ा ट्रेन में जाने के लिए इंतजार कर रही थी। इस बीच किसी ने महिला बैग चोरी कर लिया था। महिला ने जीआरपी को बैग चोरी होने की सूचना दी थी। जीआरपी ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया था। तभी से जीआरपी चोर की तलाश कर रही थी। शनिवार की रात जीआरपी के एसआई काली प्रसा,द कांस्टेबल अनूप पोखरियाल व कुलदीप सिंह के साथ रेलवे स्टेशन पर माल गोदाम के पास गश्त कर रहे थे। इस बीच उन्हें एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने युवक को पकड़कर तलाशी ली तो उसके पास से आर्टिफिशियल ज्वेलरी बरामद हुई। जीआरपी उसे पकड़कर चौकी ले आई। यहां सख्ती से पूछताछ की तो उसने महिला का बैग चोरी करने की बात कही। इसकी सूचना महिला को दी गई। महिला ने अपनी ज्वेलरी की पहचान की। एसआई काली प्रसाद ने बताया कि चोरी में सलमान पुत्र उस्मान निवासी धोबीवाला मंडी समिति, थाना मंडी सहारनपुर के खिलाफ केस दर्ज कर न्यायालय में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया है।