रुड़की गंगनहर कोतवाली में पकड़ा गया प्रधान की हत्या करवाने वाला आरोपी।
- फोटो : ROORKEE
दस लाख की सुपारी देकर प्रधान की हत्या कराने के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। साथ ही मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों की धरपकड़ की कोशिश तेज कर दी है। इससे पहले पुलिस हत्याकांड में शामिल दो शूटरों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
झबरेड़ा के नगला कूबड़ा के ग्राम प्रधान कमरे आलम की 20 दिसंबर को रामनगर कोर्ट के गेट पर बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में गांव के जमशेद, नदीम, आबिद, उस्मान, आकिल के खिलाफ केस दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि आबिद ने ही सुपारी देकर प्रधान की हत्या कराई है। बीते बुधवार को एसपी देहात एसके सिंह ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया था कि प्रधान की हत्या के दस मिनट बाद ही आबिद ने कोतवाली में फोन कर बताया था कि वह अपने छोटे भाई आशिक के साले सारिब उस्मान के पास हिमाचल के धर्मशाला आया है। शक होने पर पुलिस हिमाचल पहुंची तो वह फरार था।
पुलिस पूछताछ में सारिब ने बताया कि आबिद ने अपने जीजा मुनीर और उसके बड़े भाई के साथ षड्यंत्र कर हत्या करवाई है। जांच में पुलिस को पता चला कि आबिद ने दो शूटरों को सुपारी देकर हत्या कराई है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि आबिद रुड़की निवासी एक युवक के संपर्क में था, जो उसको पूरी जानकारी दे रहा था। प्रधान की हत्या के बाद आबिद हिमाचल के धर्मशाला और फिर पंजाब चला गया। वहां दो दिन रुकने के बाद राजस्थान चला गया था। जब उसे पता चला अब और नहीं भाग सकता तो शुक्रवार शाम गंगनहर क्षेत्र के कमेलपुर गांव पहुंच गया। यहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।