अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। लक्सर तहसील के चिड़ियापुर गांव में श्मशान घाट की भूमि से प्रशासनिक टीम ने अतिक्रमण हटा दिया है। यहां दूसरी भूमि पर निर्माण करने वाले व्यक्तियों को भी प्रशासन ने नोटिस देकर दो दिन के भीतर निर्माण हटाने को कहा है।
एसडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि तहसील के हरचंदपुर चिड़ियापुर गांव में श्मशान घाट की खसरा संख्या 440.0100 हेक्टेयर और खसरा संख्या 1730.0102 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण व अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। शिकायत पर प्रभारी तहसीलदार मधुकर जैन के निर्देशन में राजस्व टीम का गठन किया गया था।
टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की। पैमाइश के दौरान भूमि पर कब्जा करके वहां पॉपुलर के पेड़ आदि उगाने और दूसरी भूमि पर निर्माण की बात सामने आई। प्रशासनिक टीम ने मौके पर ही एक भूमि से पेड़ हटवाकर कब्जा मुक्त करा दिया। दूसरी भूमि पर निर्माण करने वाले व्यक्तियों को भी नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर अपने निर्माण स्वयं हटाने या कार्रवाई कर बलपूर्वक निर्माण हटाने की चेतावनी दी गई है।
एसडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि भूमि की हदबंदी कर ग्राम सभा की निगरानी में दी गई है। एक दिन पहले भी शेरपुर गांव से अतिक्रमण हटाया गया था। तहसील क्षेत्र में जहां भी अवैध कब्जे और अतिक्रमण की शिकायत है वहां कार्रवाई की जा रही है।