रुड़की के ढंडेरा नगर पंचायत में हल्की सी बारिश में सड़क किनारे हुआ जल भराव। संवाद
- फोटो : 1
रुड़की-लक्सर राजमार्ग पर ढंडेरा में हुई हल्की बारिश ने नगर पंचायत की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। बृहस्पतिवार को शांतिपुरम गेट से शिव मंदिर तक डेढ़ किलोमीटर मार्ग जलमग्न हो गया जिससे लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो गई है। सड़क के एक हिस्से में भरे पानी के कारण पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था में गंभीर खामियां हैं। बारिश का पानी निकलने का उचित प्रबंध न होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। लोगों ने बताया कि कई जगह सड़क का लेवल नालियों से नीचे होने के कारण पानी लंबे समय तक जमा रहेगा। स्थानीय व्यापारी वेदपाल सिंह ने कहा कि दुकानों के बाहर पानी भरा है और व्यापार पूरी तरह ठप हो गया है।
शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। गिरधारी लाल का कहना है कि हल्की बारिश में ही हालात बदतर हो जाते हैं। अरुण नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं। विनय चायवाला ने कहा कि जलभराव के कारण दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है। वहीं साजिद ने कहा कि ट्रांसफार्मर के आसपास भरे पानी से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत से जल्द समाधान की मांग की है।
पानी के बीच में रखा ट्रांसफार्मर
लाेगों ने बताया कि स्थिति उस समय और गंभीर दिखी जब जलभराव के बीच लगे ट्रांसफार्मर से करंट फैलने का खतरा लोगों को होने लगा। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है। जलभराव से क्षेत्र के लोगों का व्यापार भी बुधवार को ठप नजर आया।
रुड़की के ढंडेरा नगर पंचायत में हल्की सी बारिश में सड़क किनारे हुआ जल भराव। संवाद- फोटो : 1