I
I
I
Iपुलिस ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजी है रिपोर्ट, जहर खाने से हुई थी मौतI
आईआईटी रुड़की में जूनियर असिस्टेंट की मौत के कारणों का सही पता नहीं चल पाया है। अब पुलिस ने मौत के कारणों और सही पता लगाने के लिए बिसरा जांच विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा है। पुलिस का दावा है कि बिसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को कुछ माह पूर्व दीपा ने तहरीर देकर बताया था कि उनके पति शरद पंवार आईआईटी रुड़की में जूनियर असिस्टेंट के पद पर तैनात थे। आरोप लगाया था कि संस्थान की एक महिला अधिकारी की ओर से पति को लगातार परेशान किया जा रहा था। साथ ही उनके वेतन में से आधा वेतन देने का भी दबाव बनाया जा रहा था। इस कारण पति मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। सात अगस्त की रात को पति ने अपनी बहन के पास कॉल कर बताया था कि महिला अधिकारी की ओर से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। जिसके कारण वह वह जहर खा रहे हैं। इसके बाद पति ने जहर खा लिया था और वह हाईवे किनारे बेसुध मिले थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। उस समय पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। साथ ही तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया था। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। अब पुलिस ने मौत के सही कारण, समय और अन्य स्थिति जानने के लिए बिसरा प्रयोगशाला में भेजा है। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।