खानपुर। रिश्तेदारी में मौत होने पर मातमपुर्सी के लिए जा रहे स्कूटी सवार दंपति को ट्रक ने कुचल दिया। पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति को गंभीर हालत में अस्पताल भिजवाया। भीड़ ने आरोपी ड्राइवर को ट्रक सहित पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सरकारी अस्पताल में भर्ती कौसर की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की खबर पर पहले से गम में डूबे परिजनों और रिश्तेदारों में हाहाकार मच गया।
तुगलपुर कुमराड़ा निवासी कौसर की बुआ का लक्सर में बुधवार को इंतकाल हो गया था। शाम को मातमपुर्सी के लिए कौसर और उसकी पत्नी शहराना स्कूटी से लक्सर जा रहे थे। प्रहलादपुर में बजरी से लदे एक ट्रक ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में शहराना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि कौसर को 108 की मदद से अस्पताल भिजवाया। इसी बीच मौके पर जमा भीड़ ने ट्रक चालक को दबोच लिया और पुलिस को सूचना दे दी।
हादसे की जानकारी होते ही तुगलपुर से कौसर के परिजन और मखियाली से शहराना के मायकेवाले भी अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। देर रात तक कौसर की हालत नाजुक बनी हुई थी। एसओ खानपुर सुंदरम शर्मा ने बताया कि ट्रक चालक को दबोच लिया है। तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।