हरिद्वार में शनिवार को गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम को भाजपा के लिहाज से आगामी विधानसभा चुनाव अभियान के आगाज से जोड़कर देखा रहा है। गृहमंत्री की जनसभा में स्थानीय स्तर पर टिकट के लिए दावेदारी कर रहे दावेदारों ने भी शक्ति प्रदर्शन कर पार्टी नेतृत्व का ध्यान आकर्षित करने का भरपूर प्रयास किया।
लक्सर में लोगों को जनसभा स्थल तक लाने के लिए बसों की व्यवस्था थी। मंडल और बूथ स्तर पर जनसभा के लिए भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी पहले ही तय की गई थी। इनमें टिकट के दावेदार सबसे आगे नजर आए। वह अपने समर्थकों को जनसभा स्थल पर पहुंचाने के लिए पसीना बहाते नजर आए। देर रात तक भीड़ जुटाने के लिए कवायद चलती रही। सूत्रों के अनुसार कई दावेदारों ने अपने - अपने क्षेत्र से कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जनसभा स्थल तक लाने की व्यवस्था की। इसके पीछे उनका प्रयास समर्थकों की भीड़ दिखाकर आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट के लिए अपनी दावेदारी पुख्ता करना था। लक्सर में ही भाजपा के टिकट के चार से अधिक दावेदार इन दिनों क्षेत्र में सक्रिय हैं।