रुड़की। दो गुटों की तनातनी से शहर की शांति कभी भी खतरे में पड़ सकती है। अलग-अलग समुदाय के यह दोनों गुट महीनेभर में एक-दूसरे पर चार जानलेवा हमले कर चुके हैं। दोनों कोतवालियों में चार मुकदमे दर्ज होने के बावजूद पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। नतीजतन खुले घूम रहे दोनों गुटों के उपद्रवी फिर से एक-दूसरे पर योजना बनाने में जुटे हैं। पुलिस ने जल्द शिकंजा नहीं कसा तो बवाल होना तय है।
पिछले वर्ष अगस्त में शहर से सटे रामपुर में अलग-अलग समुदाय के दो गुटों में बवाल हो गया था। उसके बाद पंचायत चुनाव आने तक पनियाला, इब्राहिमपुर, किशनपुर, झबरेड़ा के लाठरदेवा समेत कई गांवों में मामूली झगड़ों को सांप्रदायिक रंग देने का भी प्रयास हुआ। गनीमत रही कि पुलिस की सतर्कता साजिश रचने वालों पर भारी पड़ी। लेकिन अब शहर में महीनेभर से ऐसे कई प्रयास सामने आने के बाद पुलिस हरकत में नहीं आ पा रही है। जबकि शहर में अलग-अलग समुदाय के युवकों ने अपने दो गुट बना लिया हैं।
महीनेभर में दोनों गुट एक-दूसरे पर लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से खुलेआम हमले कर चुके हैं। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ शहर की दोनों कोतवालियों में मुकदमे भी दर्ज कराए हैं। लेकिन पुलिस अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। दोनों गुटों में तनाव के चलते फिर से खूनी संघर्ष के आसार बन रहे हैं।
फेसबुक पर उगल रहे जहर
दोनों ग्रुप फेसबुक पर एक-दूसरे के खिलाफ जहर उगल रहे हैं। एक ग्रुप के सदस्य ने फेसबुक पर सेल्फी कांटेस्ट नाम से पेज बनाया है। जिसमें हर हफ्ते अलग-अलग समुदाय के दो युवकों की फोटो डालकर वोटिंग कराई जाती है। वोटिंग के दौरान कमेंट में एक-दूसरे को गालियां तक दी जाती हैं। फेसबुक पर बात आगे बढ़ने पर उनके बीच कहीं भी लाठी-डंडे चल जाते हैं।
व्हाट्सएप ग्रुप पर देते हैं बुलावा
दोनों गुटों ने व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर अपने-अपने समुदाय के लड़कों को उसमें जोड़ा हुआ है। विवाद होने पर तत्काल ग्रुप में मैसेज डालकर बड़ी संख्या में सदस्यों को मौके पर बुला लिया जाता है। इनमें कुछ युवाओं को तुर्कों के कई नेताओं का आशीर्वाद भी हासिल है।
इनका कहना है
गुट बनाकर शहर की शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जल्द दोनों गुटों के आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था को लेकर किसी से कोई समझौता नहीं होगा।
-सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस, एसएसपी हरिद्वार