तहसील कर्मचारी के मीडियाकर्मी से अभद्रता का मामला तूल पकड़ गया। भीम आर्मी जय भीम के पूर्व प्रदेश प्रभारी दीपक सेठपुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील में पुतला दहनकर प्रदर्शन किया। खानपुर और लक्सर विधायक के अलावा पूर्व राज्यमंत्री और किसान संगठनों के विरोध के बाद मामले में एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने मंगलवार को दोनों पक्षों को वार्ता के लिए बुलाया है।
प्रेस क्लब एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण सैनी ने बताया कि 22 मई को तहसील में तैनात एक कर्मचारी ने एसडीएम कार्यालय में ही उनके साथ अभद्रता की थी। इसके बाद से मीडियाकर्मी और किसान संगठन कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
खानपुर और लक्सर के विधायक सहित पूर्व राज्यमंत्री रविंद्र आनंद, व्यापार मंडल व बार एसोसिएशन ने भी कर्मचारी के व्यवहार की निंदा करते हुए आंदोलन का समर्थन किया है। सोमवार को भीम आर्मी जय भीम के पूर्व प्रदेश प्रभारी दीपक सेठपुर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील में पुतला जलाने के बाद कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन दिया। मामला तूल पकड़ने के बाद एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने मीडियाकर्मियों से वार्ता कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया। उन्होंने मंगलवार को दोनों पक्षों को वार्ता के लिए बुलाया है। प्रवीण सैनी ने बताया कि संगठन के पदाधिकारी और समर्थन में आए जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में वार्ता की जाएगी।