कांवड़ मेले को लेकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड पुलिस के बीच आयोजित समन्वय बैठक में पाबंदी का सख्ती से पालन कराने का निर्णय लिया गया। यह भी तय हुआ कि दोनों प्रदेशों की पुलिस कांवड़ियों पर नजर रखेगी।
सोमवार को मुजफ्फरनगर स्थित सदर क्षेत्राधिकारी के कार्यालय में आयोजित समन्वय बैठक में दोनों प्रदेशों की पुलिस ने कांवड़ यात्रा पर रणनीति बनाई। बैठक में हरिद्वार जनपद के पुलिस अधिकारी भी शामिल हुए। इस दौरान सावन मास में कांवड़ यात्रा पर लगी पाबंदी को सख्ती से लागू कराने को लेकर चर्चा की गई। दोनों जनपद के पुलिस अधिकारियों ने आपस में समन्वय बनाकर बॉर्डर और सभी संपर्क मार्गों पर पुलिस पिकेट लगाए जाने पर सहमति जताई। बैठक में बताया गया कि कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्तों को बॉर्डर पर ही रोककर शांतिपूर्ण ढंग से उन्हें वापस भेजा जाएगा। यदि कोई जबरदस्ती प्रदेश की सीमा में घुसने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
यह भी तय हुआ कि किसी भी प्रकार की आपराधिक सूचना मिलने पर दोनों प्रदेशों के अधिकारी एक-दूसरे से संपर्क कर चर्चा करेंगे। बैठक में क्षेत्राधिकारी सदर मुजफ्फरनगर हेमंत कुमार, मंगलौर क्षेत्राधिकारी पंकज गैरोला, लक्सर क्षेत्राधिकारी विवेक कुमार, कोतवाली प्रभारी मंगलौर यशपाल सिंह बिष्ट, पुरकाजी थाना प्रभारी हृदय नारायण, नारसन चौकी प्रभारी लोकपाल परमार मौजूद रहे।