ट्यूबवेल पर गई एक किशोरी के साथ गांव के ही तीन युवकों ने छेड़खानी कर दी। किशोरी ने घर पहुंचकर भाई से युवकों की शिकायत की। किशोरी के भाई ने छेड़खानी का विरोध किया तो युवकों ने उसके साथ मारपीट कर दी। साथ ही शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी किशोरी बुधवार को किसी काम से गांव के पास ही ट्यूबवेल पर गई थी। आरोप है कि इस बीच गांव निवासी तीन युवक भी मौके पर पहुंच गए और किशोरी को अकेला पाकर छेड़खानी शुरू कर दी। किशोरी ने विरोध किया तो उन्होंने गाली-गलौज कर दी। किशोरी ने घर पहुंचकर मामले की शिकायत अपने भाई से की। भाई ने युवकों से इस बात का विरोध किया तो युवकों ने गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। शोर मचाने पर युवक जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी ऐश्वर्य पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।