देहरादून में आयोजित राज्यस्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में मंगलौर के केकेपी इंटर कॉलेज की कक्षा 9 की छात्रा तान्या ने स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्रा की इस शानदार उपलब्धि पर कॉलेज प्रशासन ने उसे विशेष रूप से सम्मानित किया।
कॉलेज पहुंचने पर प्रधानाचार्य डॉ. दीपिका ने तान्या को बधाई देते हुए सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि तान्या ने न सिर्फ कॉलेज का बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है। छात्रा की इस जीत से उत्साहित होकर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. रविन्द्र कपूर ने तान्या की पूरी फीस माफ करने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने बेटियों को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए एक और बड़ा एलान किया। तान्या की इस सफलता पर परिजनों और शिक्षकों ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। प्रबंधक डॉ. रविंद्र कपूर ने बताया कि कॉलेज की जो भी छात्राएं खेल या अन्य क्षेत्रों में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी। संस्थान की ओर से उनकी भी पूरी फीस माफ की जाएगी।