एक तांत्रिक ने दंपति से उपचार करने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर ली। बीमारी सही न होने पर दंपति तांत्रिक के पास पहुंचे तो उसने और रकम की मांग की। इस पर पीड़ित दंपति ने कोतवाली पहुंचकर तांत्रिक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ढंडेरा निवासी बलजीत और उसकी पत्नी पाली ने पुलिस को बताया कि कई महीनों से उनकी तबीयत खराब चल रही है। कई चिकित्सकों को दिखाने के बाद भी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। इस पर उन्हें किसी परिचित ने एक तांत्रिक के पास जाने की सलाह दी। साथ ही बताया कि तांत्रिक अपनी तंत्रमंत्र की विद्या से बीमारी सही कर देता है। परिचित की बातों में आकर दंपति तांत्रिक के पास चला गया। इस बीच तांत्रिक ने उन्हें अपने झांसे में लेकर बीमारी सही करने में डेढ़ लाख रुपये खर्च होने की बात कही। इस पर दंपति ने तांत्रिक को डेढ़ लाख रुपये की रकम दे दी, लेकिन इसके बाद भी बीमारी सहीं नहीं हुई तो दंपति दोबारा तांत्रिक के पास पहुंचा। यहां तांत्रिक ने दंपति से और रकम की मांग की। दंपति ने उपचार न करवाने की बात कहते हुए अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि इस पर तांत्रिक ने धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित दंपति ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है।