लक्सर। मखियाली खुर्द गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजन ने मृतक के बच्चों और उनके एक रिश्तेदार पर उसे जहर देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के मखियाली खुर्द गांव निवासी जुल्फान के अनुसार, उनके भाई फुरकान की करीब 32 वर्ष पहले शादी हुई थी। उसकी पत्नी ने तीन बेटी और एक बेटे को जन्म दिया था। शादी के 12 साल बाद वह पति को छोड़कर चली गई थी। इसके बाद से फुरकान उनके साथ ही रह रहा है। पत्नी के जाने के बाद से वह अक्सर बीमार रहता था। जुल्फान के अनुसार कुछ समय से फुरकान के बच्चे उनके घर आने लगे थे और उन्हें धमका रहे थे। आरोप है कि 30 अक्तूबर को शाम के करीब चार बजे तीनों बेटियां, बेटा व उनका रिश्तेदार उनके घर फुरकान के पास आए और उसे जहर दे दिया। इससे फुरकान की हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। उन्होंने पुलिस से जांच कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।