इकबालपुर सहकारी गन्ना विकास समिति में तमाम उठापठक के बीच चेयरमैन और उपचेयरमैन मनोनीत कर दिए गए हैं। सुंदरलाल सैनी को चेयरमैन और मुकेश कुमार को उपचेयरमैन बनाया गया है। दोनों ही पदों पर केवल एक-एक नामांकन होने के कारण दोनों पदाधिकारियों का निर्विरोध चुनाव हुआ। विजयी पदाधिकारियों का समर्थकों ने फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया।
इकबालपुर सहकारी गन्ना विकास समिति में लंबे समय से चुनाव प्रक्रिया चल रही है। सबसे पहले डेलीगेट्स का चुनाव कराया गया। इसके बाद डायरेक्टर के 10 पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। इसमें नामांकन के दौरान तीन डायरेक्टर तो निर्विरोध चुने गए जबकि सात पदों के लिए 31 जुलाई को चुनाव कराया गया। इसके बाद शासन से सोहनलाल और भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष चतरसेन को डायरेक्टर पद के लिए नामित किया गया। डायरेक्टर के चुनाव होते ही चेयरमैन पद के लिए जोड़तोड़ शुरू हो गई थी।
चेयरमैन पद के दावेदारों ने डायरेक्टरों को अपने पक्ष में करने के प्रयास शुरू कर दिए थे। तमाम उठापठक के बीच मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे चेयरमैन और उपचेयरमैन पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। दोनों ही पदों के लिए केवल एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन किया। नामांकन के लिए तीन बजे तक का समय निर्धारित किया गया था लेकिन इस समय तक किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया।
ऐसे में तीन बजे के बाद निर्वाचन अधिकारी भगवानपुर एसडीएम वैभव गुप्ता व सचिव कुलदीप तोमर की मौजूदगी में चेयरमैन और उपचेयरमैन के पदों पर दोनों का नाम घोषित कर दिया गया। इस दौरान झबरेड़ा नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व दर्जाधारी राज्य मंत्री डॉ. गौरव चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह, जिला महामंत्री आदेश सैनी, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रदीप चौधरी, बैंक के निदेशक सुशील राठी, सुरेंद्र चेयरमैन, पूर्व चेयरमैन मनोज सैनी, जय भगवान सैनी आदि मौजूद रहे।