मंगलौर (रुड़की)। बच्चा चोरी करने के मामले में सोशल मीडिया पर नारसन उप शिक्षा अधिकारी का पत्र वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने उच्च शिक्षा अधिकारी के खिलाफ भय का माहौल व्याप्त करने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कांस्टेबल सोबन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह नारसन खुर्द गांव में गश्त कर रहे थे। इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें सूचना दी कि उप शिक्षा अधिकारी नारसन का एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह कह रहे हैं कि अभिभावकों को अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखना है क्योंकि कुछ आरोपी बच्चा चोरी कर मानव तस्करी के कार्य में लगे हुए हैं। पत्र वायरल होने के बाद क्षेत्र में अभिभावकों में भय का माहौल व्याप्त है। ग्रामीण पत्र के वायरल होने के बाद संदिग्ध लोगों को गांव में नहीं घुसने दे रहे हैं और अनजान व्यक्तियों को पकड़ कर पूछताछ कर रहे हैं, इस कारण मानव जीवन में संकट उत्पन्न हो रहा है। साथ ही इस भय के माहौल में कोई भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है। पुलिस ने कांस्टेबल की तहरीर पर उपखंड शिक्षा अधिकारी मेराज अहमद के खिलाफ भ्रामक सूचना फैलाने व आम जनमानस के जीवन को संकट में डालने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि उपखंड शिक्षा अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। वहीं उप शिक्षा अधिकारी मेराज अहमद ने बताया कि उनका उद्देश्य समाज में भय का माहौल पैदा करना नहीं था। उनका उद्देश्य अभिभावकों को अपने बच्चों के प्रति संवेदनशील करने का था। उनके पास इस संबंध में कुछ वीडियो व फोन आए, जिसके बाद उनके द्वारा उक्त पत्र जारी किया गया था।