क्वांटम काॅलेज के गेट पर चल रहे एनएसयूआई के धरने पर पहुंचे काॅलेज प्रशासन, एसडीएम व विधायक ने छात्रों से वार्ता की। इसमें छात्रों की कुछ समस्याओं का समाधान निकालने के लिए काॅलेज प्रशासन ने तीन दिन का समय मांगा है। इसके बाद छात्रों का धरना समाप्त हो गया।
बता दें कि एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी व छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर दो दिन पहले क्वांटम कॉलेज के गेट पर प्रदर्शन शुरू किया था। उनका आरोप था कि कॉलेज प्रशासन ने मनमाने ठंग से बैक पेपर फीस और डिबार्ड फीस में बढ़ोतरी की है। उसी दिन तहसीलदार दयाराम ने छात्रों और काॅलेज प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता की थी लेकिन छात्रों की समस्या का समाधान नहीं हो पाया था।
शनिवार को विधायक ममता राकेश, एसडीएम जितेन्द्र कुमार, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी व काॅलेज प्रशासन के अधिकारियों ने छात्रों से वार्ता की। कॉलेज के वीसी चांसलर डाॅ. विवेक कुमार ने बताया कि जिन छात्रों की कॉलेज में उपस्थिति 75 फीसदी से कम है उन्हीं से डिबार्ड फीस ली जाएगी। अन्य मांगों के लिए कॉलेज प्रशासन से वार्ता के लिए तीन दिन का समय मांगा गया है। एसडीएम जितेन्द्र कुमार ने बताया कि वार्ता के दौरान आश्वासन मिलने पर छात्रों ने धरना समाप्त कर दिया है। इस मौके पर एनएसयूआई के पूर्व उपाध्यक्ष हिमांशु चौधरी, जिला महासचिव हरचीत, शाहबुद्दीन राणा, अमजद राणा आदि मौजूद रहे।