आईआईटी रुड़की के युवा महोत्सव थोम्सो में दिनभर सौ से अधिक मनोरंजक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं हुईं। इस दौरान जहां एक ओर छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के जरिये कला का प्रदर्शन किया। वहीं, नृत्य कार्यक्रम में मंझे हुए कलाकारों की तरह प्रस्तुति दी।
संस्थान में चल रहे महोत्सव के दूसरे दिन फुटलूज के तहत नृत्य प्रतियोगिताएं हुईं। सरगम के तहत गायकी का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा फूड स्टॉल में तरह-तरह के व्यंजन परोसे गए। वहीं, लीडरशिप वर्कशॉप का भी आयोजन हुआ। इसमें छात्रों ने विभिन्न विषयों पर विचार रखे। दीक्षांत भवन में आयोजित नृत्य प्रतियोगिता ने सबसे ज्यादा आकर्षित किया। कार्यक्रम में रहा। विभिन्न तकनीकी संस्थानों से आए छात्रों के ग्रुप ने भारतीय और पश्चिमी संगीत पर बारी-बारी से प्रस्तुति देकर सभी का दिल जीत लिया।
इसके अलावा महोत्सव में मिस्टर एंड मिस थोम्सो प्रतियोगिता को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में छात्र जुटे। प्रतिभागियों ने बोलने एवं चलने की कला के साथ ही बौद्धिक स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में खुद को साबित करने का प्रयास किया। प्रतियोगिता का परिणाम रविवार को महोत्सव के समापन पर किया जाएगा। शाम के समय बैंड का आयोजन हुआ। वहीं, दूसरी ओर छात्रों ने मिमिक्री के जरिए भी मनोरंजन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्रों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया।