सरेराह छात्र के अपहरण का प्रयास करने वाले बाइक सवार दो युवकों में से पुलिस ने एक को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस ने दबिश दी। लेकिन आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है।
एक छात्रा रविवार को ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। जब वह पाडली फाटक पर पहुंची तो तेलीवाला गांव निवासी बाइक सवार दो युवकों ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। छात्रा ने जब इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने उसको थप्पड़ मार दिया। साथ ही उसका अपहरण का प्रयास करने लगे। इसी बीच कुछ लोग वहां आ गए। लोगों के विरोध को देखकर दोनों आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। मामले की जानकारी पाकर छात्रा के परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद वह आरोपियों के घर पहुंचे तो आरोपियों ने गोली मार देने की धमकी। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश दी। पुलिस से भी आरोपियों के परिजनों की नोकझोंक हुई थी। गंगनहर कोतवाली के एसएसआई देवराज शर्मा ने बताया कि एक आरोपी मशरूप निवासी तेलीवाला को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में आरोपी पक्ष की ओर से भी तहरीर दी गई है। उसकी जांच की जा रही है।