दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ दी तहरीर, हिंदू संगठन के लोग भी पहुंचे कोतवाली
खरीदारी करने आए युवकों की दुकान के कर्मचारियों से कहासुनी और फिर मारपीट हो गई। दुकान का कर्मचारी मुस्लिम समुदाय का होने के कारण मामले ने तूल पकड़ लिया। हिंदू संगठन के लोग कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। वहीं कारोबारी ने भी पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के बीटी गंज मेें एक कारोबारी की कपड़े की दुकान है। कपड़े की दुकान पर दूसरे समुदाय के युवक काम करते हैं। बृहस्पतिवार की रात को दुकान पर सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के आदर्शनगर निवासी कुछ युवक कपड़े खरीदने के लिए गए। इसी बीच किसी बात को लेकर युवकों का दुकान के कर्मचारियों के साथ विवाद हो गया। उस समय कारोबारी दुकान पर नहीं था।
युवकों ने दुकान के कर्मचारियों की आईडी मांगी तो इनके बीच हुआ विवाद तूल पकड़ गया। मौके पर जमकर मारपीट और हंगामा हो गया। इसके बाद दुकान के कर्मचारियाें ने दुकान मालिक को सूचना दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। शुक्रवार को भी यह मामला गरमाया रहा। इस मामले को लेकर आदर्शनगर निवासी युवकों की तरफ से हिंदू संगठन के लोग कोतवाली पहुंचे। कोतवाली प्रभारी एश्वर्य पाल ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।