पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए
- फोटो : amarujala
सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि प्रदेश सरकार अवैध खनन के कारोबार में पूरी तरह संलिप्त है। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। विकास कार्य कहीं नहीं हो रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं से अभी से जुटने का आह्वान किया।
शुक्रवार को ढंडेरा में आयोजित खानपुर विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद निशंक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व में देश की साख बढ़ाई है। उनके दो वर्ष के कार्यकाल में देश की विकास दर तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2017 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में जुटने का आह्वान किया। मेहनती कार्यकर्ताओं को पार्टी सम्मानित करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अवैध खनन के कारोबार में पूरी तरह संलिप्त है।
दिन-रात गंगा का सीना छलनी किया जा रहा है। जबकि प्रदेश में विकास और कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। इस दौरान उन्होंने अपने मुख्यमंत्रित्व काल की उपलब्धियां गिनाईं। इस अवसर पर पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, मंडल अध्यक्ष कल्पना सैनी, ओमप्रकाश जमदग्नि, संजय अरोरा, सतवीर सिंह, रामगोपाल कंसल एवं रवि राणा आदि मौजूद रहे।
22 लाख लोगों के फोन कैसे उठाए सांसद!
दबी जुबान में अधिकतर कार्यकर्ता शिकायत करते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद निशंक फोन नहीं उठाते। शुक्रवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद निशंक को इस संबंध में सफाई देने पड़ी। कहा कि एक सांसद 22 लाख लोगों के फोन नहीं उठा सकता। पार्टी में इसके लिए सांसद प्रतिनिधि से लेकर मंडल अध्यक्ष आदि की व्यवस्था की गई है। ऐसे में कार्यकर्ता सिस्टम के तहत समस्याएं बताएंगे तो उनका समाधान जल्द कराया जाएगा। ब्यूरो