ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत एसटीएफ देहरादून और भगवानपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने नशीली दवाओं की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 456 प्रतिबंधित कैप्सूल और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक नशीले कैप्सूल की खेप लेकर खेलपुर रोड से गुजरने वाला है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान सलमान निवासी सरस्वती कॉलोनी, देवबंद मार्ग, थाना रामपुर मनिहारन, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 456 कैप्सूल और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कैप्सूल की खेप कहां से लाई गई थी। इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।