चचेरे भाई के साथ गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपी सलीम ने बहादरपुर डेरा निवासी धर्मवीर को जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए थप्पड़ जड़ दिए। आसपास के लोगों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चला गया। पुलिस ने आरोपी सलीम के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के बहादरपुर डेरा गांव निवासी धर्मवीर ने तहरीर में बताया कि 25 अप्रैल को रात करीब आठ बजे वह अपने घर में मौजूद थे। घर के बाहर शोर सुनकर वह बाहर निकले तो यहां आरोपी सलीम उनका चचेरे भाई गाली-गलौज कर रहा था। उन्होंने मामला शांत कराने का प्रयास किया तो आरोपी ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उन्हें थप्पड़ जड़ दिए। आसपास के लोग मौके पर आए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चला गया। धर्मवीर ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।