पुलिस ने कंपाउंडर पर पिस्टल तानने और बट मारकर घायल करने के मामले में बदमाश चीनू पंडित के भाई शगुन पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक अवैध पिस्टल भी मिली है। इस संबंध में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित पुराना रेलवे रोड पर डॉ. अतुल त्यागी का नर्सिंग होम है। रविवार रात करीब 12 बजे कंपाउंडर पंकज कुमार अस्पताल में ड्यूटी पर थे। तभी चीनू पंडित का भाई शगुन पंडित अपने एक रिश्तेदार को लेकर पहुंचा था। उसने रिश्तेदार को भर्ती करने की बात कही थी। मरीज की हालत गंभीर देख कंपाउंडर ने भर्ती करने से इनकार कर दिया था। इस पर शगुन ने कंपाउंडर को धमकाते हुए मारपीट कर दी थी। साथ ही पिस्टल निकालकर गोली चलाने की कोशिश की थी। गोली न चलने पर आरोपी ने कंपाउंडर पर पिस्टल की बट से हमला कर घायल कर दिया था। तभी से केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि शगुन पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से अवैध देशी पिस्टल भी बरामद की गई है। पिस्टल के संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है।