- हालत गंभीर होने पर एम्स ऋषिकेश रेफर किया, उपचार के दौरान काटना पड़ा पैर
-कनखल थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में बाईपास रोड पर होटल के सुरक्षा सुपरवाइजर को डंपर ने टक्कर मारी। घटना में उनका पैर बुरी तरह कुचल गया। चिकित्सकों को उपचार के दौरान पैर को काटना पड़ा। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी डंपर चालक की तलाश शुरू की है।
पुलिस के अनुसार, रेणू त्यागी निवासी बद्री विहार कॉलोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके ससुर राजपाल त्यागी एक होटल में सिक्योरिटी सुपरवाइजर हैं। वह 26 मार्च की शाम करीब सात बजे ड्यूटी खत्म कर बाईपास रोड से सिंहद्वार की ओर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान सहगल पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका बायां पैर बुरी तरह कुचल गया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना एक व्यक्ति ने परिजनों को दी, जिसके बाद उनका पुत्र मौके पर पहुंचा और एंबुलेंस से उन्हें मेला अस्पताल भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गयाजहां डॉक्टरों को सर्जरी के दौरान उनका बायां पैर काटना पड़ा। थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीसीटीवी कैमरों से वाहन व चालक को चिह्नित किया जा रहा है।