पत्नी ने पति पर मारपीट कर घर से भी निकालने का लगाया आरोप
पुलिस को दी तहरीर, बच्चे को पति से दिलाने की लगाई गुहार
एक महिला ने पति पर बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने और छह साल के बेटे को छीनकर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित एक कॉलोनी निवासी महिला ने रविवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पति ने बिना तलाक दिए एक युवती से शादी कर ली है। साथ ही पति उसके साथ अलग जगह किराए पर कमरा लेकर रहा है। आरोप है कि पति से इसका विरोध किया तो उसने मारपीट कर दी। परिजनों के समझाने के बाद भी पति युवती को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है।
आरोप है कि शनिवार शाम पति घर पर आया और गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। साथ ही छह साल के बेटे को छीनकर उसे घर से बाहर निकाल दिया। महिला ने पुलिस से बेटे को वापस दिलाने और पति पर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। पूछताछ के लिए महिला के पति को बुलाया गया है।