एसडीएम चौक से एसबीआई रोड भी सोमवार को पूरी तरह से रहेगी बंद
महापंचायत के लिए बनाई योजना, चार स्थानों पर पार्क होंगे किसानों के वाहन
अगर आप सोमवार को जादूगर रोड, जामुन रोड और एसबीआई रोड पर निकलने की सोच रहे हैं तो परेशानी उठानी पड़ सकती है। दरअसल, किसानों की महापंचायत को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तीनों रोड बंद करने का निर्णय लिया है।
उत्तराखंड किसान मोर्चा की ओर से किसानों की चार मांगों को लेकर महापंचायत का एलान किया गया था। महापंचायत के लिए एसबीआई रोड प्रस्तावित की गई है। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों से जुटेंगे। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारी की है। सोमवार को गंगनहर की पटरी से एसबीआई रोड की तरफ आवाजाही बंद रहेगी। वहीं सिविल लाइंस और बोट क्लब से जादूगर रोड बंद रहेगा।
इसके अलावा नीलम टॉकीज से जामुन रोड पर वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। एसडीएम चौक से एसबीआई रोड बंद रहेगी। मिलिट्री चौक से आने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों को रोडवेज से गुजारा जाएगा। जादूगर, जामुन रोड के किनारे, एसडीएम चौक से मिलिट्री चौक तक हाईवे के किनारे और बोट क्लब पर ऊर्जा निगम कार्यालय परिसर में किसानों के वाहन पार्क किए जाएंगे। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। सभी प्वाइंटों पर बैरिकेडिंग की जा रही है।
पुलिस और पीएससी बल रहेगा तैनात
किसानों की महापंचायत को लेकर हर थाने, कोतवाली से एक-एक दरोगा, दो सिपाही व एक-एक होमगार्ड की अलग-अलग प्वाइंटों पर ड्यूटी निर्धारित की गई है। यातायात लाइन से यातायात निरीक्षक से पूरे स्टाफ को व्यवस्था पर फोकस रखने के निर्देश दिए गए हैं। महापंचायत को लेकर सौ से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।