कनखल के बैरागी कैंप स्थित जूना अखाड़े की एक साध्वी के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। देर रात तक कनखल पुलिस गुमशुदगी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार, जूना अखाड़े से संबद्ध साध्वी मौली गिरी बैरागी कैंप में निवास करती थीं। अर्द्धकुंभ की तैयारियों के सिलसिले में मंगलवार को जूना अखाड़े के प्रबंधक उनसे मिलने पहुंचे, लेकिन वह अपने ठिकाने पर नहीं मिलीं। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर भी उनके संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद अखाड़े के संतों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज सहित कई संत मौके पर पहुंचे और पड़ताल की। इस दौरान पता चला कि साध्वी पिछले कई महीनों से क्षेत्र में दिखाई नहीं दी थीं। पुलिस के मुताबिक साध्वी की गुमशुदगी दर्ज की जा रही है।