काम के लिए विदेश भेजने के नाम पर 50 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गया। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस कबूतरबाजी के मामले की जांच में जुट गई है।
रामपुर निवासी तौहीद का बेटा युनुस फेब्रिकेटर्स का काम करता है। सऊदी अरब के दुबई में फेब्रिकेटर्स की डिमांड होने के चलते वह विदेश जाना चाहता था। उसने इसके लिए अपना पासपोर्ट भी बनवाया। तौहीद के एक परिचित ने विदेश भेजने वाले एजेंट से संपर्क कराया। दुबई भिजवाने और बड़ी कंपनी में काम दिलाने की एवज में एजेंट ने 90 हजार रुपये में सौदा तय किया। वीजा बनवाने का जिम्मा भी एजेंट ने खुद लिया और दो किश्तों में 50 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद एजेंट का कुछ पता नहीं चला।
उसका मोबाइल नंबर भी लगतार बंद आ रहा है। इस पर तौहीद ने अपने परिचित से संपर्क साधा। मगर उससे भी एजेंट के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। थक हारकर तौहीद ने गंगनहर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सहारनपुर के युवक से कबूतरबाजी, शिकायत
सहारनपुर के एक युवक ने दुबई जाने के लिए रुड़की में आईआईटी के पास स्थित एक एजेंसी से टिकट बुक किया था। बाद में युवक ने टिकट कैंसिल करा दिया। युवक टिकट के पैसे वापस लेने पहुंचा तो एजेंसी ने मना कर दिया। इस पर युवक ने एजेंसी संचालक के खिलाफ सहारनपुर में मुकदमा दर्ज करा दिया। मामला चूंकि रुड़की क्षेत्र का था। लिहाजा एफआईआर रुड़की रेफर कर दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।