भगवानपुर (रुड़की)। बाइक लूट का चंद घंटों में ही खुलासा करते हुए पुलिस ने दो बदमाशों को धर दबोचा। पुलिस ने बदमाशों के पास से लूटी गई बाइक समेत अन्य सामान भी बरामद कर लिया। साथ ही दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
भगवानपुर क्षेत्र के गांव बहबलपुर निवासी सीटू सिंह एक कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर आ रहे थे। जैसे ही सोलानी नदी के पास पहुंचे तो पीछे से एक बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रोक ली। दोनों बदमाशों ने मारपीट कर बाइक, मोबाइल, पर्स छीन लिया और फरार हो गए। सीटू ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। साथ ही रात में मंडावर पुलिस चौकी पहुंचकर लूट की सूचना पुलिस को दी। बदमाशों की तलाश में पुलिस ने रातभर सोलानी नदी के पास कांबिंग की। सुबह पुलिस ने एक खेत से दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एसओ संजीव थपलियाल ने बताया कि मनोज उर्फ मोंटी निवासी दूधली, थाना चरथावल जिला मुजफ्फरनगर और बिलाल निवासी किशनपर बिरला, थाना रमाला जिला बागपत को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटी गई बाइक व अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। उन्होंने बताया कि बिलाल क्षेत्र के खुब्बनपुर गांव में किराये पर रहकर एक कंपनी में काम करता है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। साथ ही दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।