ऋषभ पंत को टेस्ट मैच में कप्तान बनाने की मांग पर परिचर्चा- विशाल चौधरी।
- फोटो : ROORKEE
विराट कोहली के टेस्ट टीम से कप्तानी छोड़ने के बाद नए कप्तान के लिए रुड़की के युवाओं की पहली पसंद ऋषभ पंत हैं। युवाओं ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से ऋषभ पंत को कप्तानी देने की मांग की है। युवाओं का कहना है कि ऋषभ पंत भारतीय टीम में विकेट कीपर की भूमिका में अहम रोल अदा कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने पिछले साल आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी की थी। उनकी अगुवाई में आईपीएल में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया था। ऐसे में टेस्ट टीम कप्तानी के लिए उनका आईपीएल का अनभुव काम आएगा।
ऋषभ पंत में टेस्ट टीम की कप्तानी करने की योग्यता है। ऋषभ की अगुवाई में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन किया था। आईपीएल का अनुभव टेस्ट टीम में काम आ सकता है। -गिरीश रतूड़ी, क्रिकेट खिलाड़ी
भारतीय क्रिकेट टीम में सभी युवा खिलाड़ी हैं। युवाओं को भी वनडे और टेस्ट टीम की कप्तानी देनी चाहिए। अब विराट कोहली के टेस्ट की कप्तानी छोड़ने के बाद ऋषभ पंत को टीम की कमान सौंपनी चाहिए। -आशीष चौधरी
ऋषभ पंत युवा खिलाड़ी हैं और वह आईपीएल से लेकर वनडे में अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। टेस्ट टीम की कप्तानी मिलने वह और बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। -विशाल चौधरी
ऋषभ पंत रुड़की के युवाओं की पहली पसंद हैं। वह अच्छा खेलते हैं और उन्हें अब आईपीएल में कप्तानी का अनुभव भी हो चुका है। ऐसे में टेस्ट टीम की कप्तानी उन्हें देना अच्छा निर्णय होगा। -विक्रांत कुमार
विकेट कीपर के साथ ऋषभ पंत अच्छे बल्लेबाज भी हैं। वह कीपिंग और बल्लेबाजी में अपना लोहा मनवा रहे हैं इसलिए उन्हें टेस्ट की कप्तानी देने से टीम को लाभ मिलेगा। -आकाश मधवाल
ऋषभ पंत सेंट गैब्रियल अकेडमी में पढ़ते समय बेहतरीन खेलते थे। मैं उस समय उनकी अकेडमी का कोच था। अब वह बेहतरीन खेल से रुड़की का नाम विश्वभर में रोशन कर रहे हैं। ऋषभ को टेस्ट टीम की कप्तानी मिलना मेरे और रुड़की के लिए गर्व की बात होगी। -अवतार सिंह, कोच