आईआईटी रुड़की की सीनेट की बैठक में लिए गए निर्णय ने रिसर्च करने वाले छात्रों के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोल दिए हैं। इसके तहत अब आईआईटी रुड़की के बीटेक छात्र यदि रिसर्च के क्षेत्र से जुड़ते हैं तो उन्हें 60 हजार रुपये प्रति माह की स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। इसके अलावा संस्थान की नीतियों को तैयार करने में छात्रों से सीधे फीडबैक हासिल करने को तवज्जो देते हुए सीनेट की बैठक में दो छात्र प्रतिनिधियों को शामिल होने पर भी मुहर लग गई है।
आईआईटी में बीटेक की पढ़ाई करने वाले छात्रों का रुझान रिसर्च के प्रति कम होता है। ऐसा इसलिए भी है कि बीटेक करते ही छात्र भारी भरकम पैकेज की चाह में किसी कंपनी में नौकरी करने लग जाते हैं, लेकिन बृहस्पतिवार को आईआईटी में सीनेट की बैठक में छात्रों को रिसर्च से जोड़ने के लिए अहम फैसला लिया गया। जिसके तहत आईआईटी से बीटेक करने वाले छात्र यदि संस्थान में रिसर्च करते हैं तो केंद्र सरकार की योजना के तहत उन्हें प्रति माह 60 हजार रुपये स्कॉलरशिप दी जाएगी। इसके अलावा अब सीनेट की बैठक में आईआईटी छात्र संगठन सैक (स्टूडेंट अफेयर काउंसिल) के यूजी और पीजी के जनरल सेक्रेटरी भी हिस्सा ले सकेंगे। इससे संस्थान की नीतियों में छात्र प्रतिनिधियों का फीडबैक सीधे तौर पर हासिल हो सकेगा। डीन स्टूडेंट प्रोफेसर डीके नौडियाल ने बताया कि इससे आईआईटी जैसे संस्थानों को फैकल्टी मिलने की संभावना भी बढ़ेगी। यह अपने आप में बड़ा निर्णय है।