कोतवाली क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी गांव में कुछ दबंगों ने हथियारों से लैस होकर घर पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने मेहमानों पर सरेआम गोलियां चलाईं और घर पर पथराव किया। हमले में एक व्यक्ति छर्रे लगने से घायल है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला तीन फरवरी का है।
बुधवार को मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी गांव निवासी जाविद उर्फ भूरा ने कोतवाली मंगलौर में तहरीर देकर बताया कि तीन फरवरी को घर में बेटी की सगाई का कार्यक्रम था। समारोह में उत्तर प्रदेश के पुरकाजी और अन्य क्षेत्रों से रिश्तेदार आए हुए थे। आरोप है कि मोहल्ले के शमशाद उर्फ मुच्छु, रेशम, आरिफ, गुलजार और उनके साथ आए युवकों ने घर के सामने आकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने तमंचों से मेहमानों पर फायरिंग कर घर पर ईंट-पत्थरों से हमला भी किया। समारोह में हुए हमले के बाद परिवार और मेहमानों में दहशत फैल गई। हमले में चाचा को छर्रे लगे हैं जिनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़ित का कहना है कि घटना से एक दिन पहले दो फरवरी को भी विवाद हुआ था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। मौके पर पुलिसकर्मी आए भी थे लेकिन कोई ठोस सुरक्षा नहीं दी गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि ये लोग पहले भी ईद के मौके पर झगड़ा कर चुके हैं लेकिन तब दबाव बनाकर फैसला करा दिया गया था। इससे उनके हौसले बुलंद हैं। बताया गया है कि हमले के दौरान आरोपियों के हाथों में हथियार होने का वीडियो भी बनाया गया है। इसे पुलिस को साक्ष्य के तौर पर सौंपा जा सकता है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शमशाद उर्फ मुच्छु, रेशम उर्फ खोखरा, आरिफ व गुलजार व अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।