लक्सर। दुकान को लेकर किरायेदार व मालिक के बीच विवाद इतना बढ़ा कि किरायेदार ने मौके पर ही मिट्टी का तेल छिड़ककर आत्मदाह करने की चेतावनी दे दी। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया। पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के मध्य फैसले के लिए वार्ता चल रही है।
पुलिस के अनुसार लक्सर ओवरब्रिज के नीचे राजवीर सिंह का मेडिकल स्टोर है जिसे 11 महीने पहले राजबीर सिंह ने सरदार जसवंत सिंह को बेच दिया था। बेचने के समय तय हुआ था कि अगले 11 महीने तक दुकान राजवीर के पास किराये पर रहेगी। 11 महीने पूरे होने पर जसवंत सिंह ने राजवीर को दुकान खाली करने को कहा तो जसवंत सिंह दुकान खाली न करके कोर्ट में चला गया। राजवीर के कोर्ट में चले जाने की खबर सुनकर रविवार को जसवंत सिंह ने दुकान पर अपना ताला डाल दिया। इस बात पर दोपहर करीब बारह बजे दोनों पक्षों में दुकान को लेकर काफी तनातनी हुई जिस पर राजवीर सिंह ने दुकान पर अपना अधिकार जताते हुए मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह की चेतावनी दे डाली। आनन फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को मौके से हिरासत में ले लिया। चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों के मध्य फैसले के लिए वार्ता की जा रही है।