जेठ माह की दूसरी जुमेरात पर दरगाह साबिर पाक में अकीदतमंदों की भारी भीड़ रही। बुधवार शाम से ही दूर-दराज क्षेत्रों से जायरीन कलियर पहुंचने शुरू हो गए थे। बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में जायरीनों ने दरगाह में जियारत कर अमन-चैन, खुशहाली और अच्छी फसल की दुआ मांगी। मान्यता है कि जेठ माह की चारों जुमेरात का विशेष महत्व होता है। इसी वजह से हर वर्ष इस दौरान बड़ी संख्या में जायरीन दरगाह साबिर पाक पहुंचते हैं। दरगाह में जियारत करने आए लोगों ने गेहूं, गुड़ आदि भी लंगर में पेश किया। जेठ की दूसरी जुमेरात होने के कारण पूरे दिन दरगाह क्षेत्र और बाजारों में भारी भीड़ रही। जायरीनों की आवाजाही से मुख्य मार्गों पर भी चहल-पहल बनी रही। दरगाह साबिर पाक के अलावा जायरीनों ने दरगाह इमाम साहब, किलकिली साहब, पीर गायब अली साहब और अब्दाल साहब पर भी जियारत कर अकीदत पेश की।