पुलिस ने नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पिरान कलियर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया था कि तीन जनवरी की रात को उसकी नाबालिग पुत्री के साथ एक युवक ने घर में घुसकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। पीड़ित ने दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। एसओ जहांगीर अली ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर मेहवड़ खुर्द से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने तीन का किया चालान
झबरेड़ा थाना क्षेत्र के बेहडे़की सैदाबाद निवासी दो पक्षों में बजरी सड़क पर बिखरी होने पर विवाद हो गया। कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी इकबालपुर पुलिस चौकी मेें दी। पुलिस ने मौके पर जाकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने अपने नाम सुभाष, सचिन और संजय निवासी बेहड़ेकी बताए हैं। थाना अध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।
गुंडा एक्ट का आरोपी जिलाबदर
पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई के बाद जिला बदर की कार्रवाई करते हुए उसे उत्तर प्रदेश बिजनौर की सीमा पर छोड़ दिया। क्षेत्र में आपराधिक घटना में शामिल सुल्तानपुर निवासी सलमान के खिलाफ गुंडा अधिनियम के साथ जिला बदर की कार्रवाई करते हुए आरोपी को बिजनौर की सीमा पर छोड़ दिया गया है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि उसे नियत समय सीमा से पहले नहीं आने दिया जाएगा।