रुड़की। रामनगर में कोर्ट रोड पर बन रही नवनिर्मित सड़क का काम स्थानीय निवासियों के विरोध के बाद रोक दिया गया है। कॉलोनीवासियों ने सड़क को बिना तोड़े उसके ऊपर ही नई सड़क बनाने का आरोप लगाया है। कहा कि इससे सड़क काफी ऊंची हो जाएगी और बरसात में कॉलोनी में जलभराव की समस्या बनेगी।
मेयर गौरव गोयल ने दो दिन पहले ही रामनगर के कोर्ट रोड पर सड़क निर्माण का शुभारंभ किया था। इसके बाद ठेकेदार ने सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया था, लेकिन शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने एकत्र होकर सड़क निर्माण का विरोध कर दिया। उनका कहना था कि सड़क फिलहाल ठीक स्थिति में है, इसलिए इसे दोबारा बनाने का कोई औचित्य नहीं था, जबकि उनकी गलियों की हालत बेहद खराब है। यदि बजट खर्च करना ही था तो उनकी गलियों की सड़कें बनानी चाहिए थीं। वहीं लोगों का आरोप था कि ठेकेदार सड़क को तोड़कर बनाने के बजाय उसके ऊपर ही बजरी डाल रहा है। इससे सड़क जल्द ही टूट जाएगी और पहले जैसी हालत में भी नहीं रहेगी। वहीं सड़क की ऊंचाई भी काफी कर दी गई है। इससे बरसात में उनके घरों के पानी की निकासी नहीं हो पाएगी। नगर निगम को पहले उनके घरों से निकलने वाले पानी की निकासी करनी चाहिए। इस दौरान मौके पर पहुंचे दर्जाधारी शोभाराम प्रजापति का भी कहना था कि सड़क निर्माण से पहले पानी निकासी की व्यवस्था करनी चाहिए थी। इस दौरान लोगों ने स्पष्ट किया कि जब तक पानी निकासी की व्यवस्था नहीं हो जाती और सड़क तोड़कर दोबारा उस पर तारकोल नहीं डाला जाता, वे सड़क का निर्माण नहीं होने देंगे। इस बीच नगर निगम की ओर से मौके पर पहुंचे जेई रविंद्र कुमार ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों ने एक न सुनी। जेई का कहना है कि मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। इस मौके पर विरोध करने वालों में आशीष असवाल, युद्धवीर, कमल कोहली, आशु, हर्ष कुमार, पंकज गर्ग और अर्जुन आदि मौजूद रहे।
फोटो समाचार -
मार्ग के निर्माण में घटिया सामग्री लगाने का आरोप, प्रदर्शन
रोड़ी और तारकोल को सही अनुपात में न मिलाने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
खानपुर। शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने गोवर्धनपुर लालचंदवाला मार्ग नवीनीकरण में घटिया सामग्री लगाने को लेकर प्रदर्शन किया। विभाग के ईई का कहना है नवीनीकरण कार्य के बाद जांच कराई जाएगी। मार्ग निर्माण में कोई भी दिक्कत सामने आई तो ठेकेदार का भुगतान रोक दिया जाएगा।
लक्सर लोक निर्माण विभाग की ओर से गोवर्धनपुर लालचंदवाला संपर्क मार्ग का नवीनीकरण किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को खानपुर भाजपा मंडल महामंत्री भगत सिंह पंवार ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मार्ग निर्माण में घटिया स्तर की सामग्री और रोड़ी व तारकोल को सही अनुपात में न मिलाने का आरोप लगाया था। वहीं शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने गोवर्धनपुर लालचंदवाला मार्ग के माजरी तिराहे पर अधिकारियों के खिलाफ हंगामा किया। उनका आरोप था कि ब्राह्मणवाला, धर्मपुर व सिकंदरपुर मार्ग के निर्माण के बाद भी बजरी उखड़ गई थी। प्रदर्शन करने वालों में चरण सिह पंवार, मनोज पंवार, अनंगपाल सिंह, चरण सिह चौधरी आदि शामिल रहे। वहीं इस बाबत पीडब्लूडी के ईई प्रवीण बहुखंडी का कहना है कि अभी मार्ग का नवीनीकरण शुरू हुआ है। मार्ग बन जाने के बाद जांच कराई जाती है। जांच में मार्ग के नवीनीकरण में कोई दिक्कत दिखाई दी तो ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगा दी जाएगी।