क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश से गन्ना उत्पादकों को बड़ी राहत मिली है। इससे गन्ने की फसल की सिंचाई पूरी हो गई है। किसानों को डीजल और बिजली से होने वाले सिंचाई खर्च में बचत हुई है।
बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद किसान गन्ने की पहली सिंचाई में लगे थे। बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है। किसान राजपाल, बिजेंद्र और प्रदीप ने बताया कि वे चार-पांच दिनों से सिंचाई कर रहे थे। अब उन्हें डीजल व बिजली का खर्च नहीं करना पड़ेगा। इकबालपुर गन्ना विकास परिषद के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि बारिश से गन्ने को काफी लाभ हुआ है।
बारिश के साथ तेज हवा चलने की आशंका को लेकर किसान चिंतित हैं। उनके अनुसार, तेज हवा से तैयार गन्ने की फसल जमीन पर गिर सकती है। गिरी हुई फसल को चूहे और जंगली जानवर नुकसान पहुंचाते हैं। इससे गन्ने की गुणवत्ता और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका रहती है। अमित कुमार ने किसानों को सलाह दी कि जरूरत के अनुसार गन्ने की पौधा फसल की बंधाई करा लें।